नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम, प्रगति मैदान का सभागार उस समय राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत हो उठा जब अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में जन्मशताब्दी 2026 की विशेष श्रृंखला के अंतर्गत “राष्ट्र के जागरण का समय आ गया” विषय पर राष्ट्रीय समारोह का भव्य आयोजन हुआ।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा—“आज विश्व को दिशा देने की क्षमता केवल भारत के पास है। जब प्रत्येक नागरिक आत्मविश्वास, नैतिकता एवं आध्यात्मिकता का समन्वय अपने जीवन में उतारेगा, तभी भारत का उत्थान और उसके माध्यम से विश्व का उत्थान संभव होगा।” उन्होंने पूज्य गुरुदेव के वचनों को स्मरण कराते हुए बताया कि युग निर्माण आंदोलन समाज में विचार क्रांति, चरित्र निर्माण, व्यसनमुक्ति जैसे अभियानों के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जीवन मूल्यों का जागरण कर रहा है।
समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा केंद्रीय राज्य मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्रालय श्री दुर्गादास उईके माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं सारस्वत अतिथि के रूप में स्वामी ब्रह्मबिहारी जी, प्रमुख – अंतर्राष्ट्रीय सम्बन्ध (BAPS, स्वामीनारायण संस्थान) एवं स्वामी अक्षर वत्सल दास जी (अध्यक्ष – अक्षरधाम, नई दिल्ली) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह को आलोकित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रगीत, समूह गान, प्रेरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा युग निर्माण संकल्प ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर कर दिया। समापन सत्र में सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया तथा शांति-पाठ के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ।
121 बार देखा गया
0 पसंद
0 टिप्पणियां
0 शेयर
टिप्पणियां (0)
कोई टिप्पणी नहीं
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी करें!
अपनी टिप्पणी जोड़ें