लखनऊ, दिनांक 04 जुलाई 2026। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी के निर्देशन में आयोजित होने वाले प्रांतीय शिक्षक गरिमा शिविर की तैयारियों को लेकर गोमती नगर शक्तिपीठ, लखनऊ में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। यह भव्य शिविर आगामी 04 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगा।
गोष्ठी में शांतिकुंज, हरिद्वार से पधारे विशेष प्रतिनिधि एवं उत्तर प्रदेश के जोन समन्वयक श्री परमानंद द्विवेदी ने सभी गायत्री परिजनों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता इस महत्त्वपूर्ण अभियान की सफलता के लिए अपना समय, श्रम एवं धन का अंशदान अवश्य करे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले से अधिकाधिक शिक्षकों को आमंत्रित करने तथा उनके स्वागत एवं सम्मान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के राष्ट्रीय समन्वयक श्री राम यश तिवारी ने कहा कि शिक्षक गरिमा शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युग ऋषि द्वारा निर्देशित व्यक्ति निर्माण की व्यापक योजना है, जिसके माध्यम से भावी पीढ़ी में संस्कार, नैतिकता एवं राष्ट्र निर्माण के आदर्श स्थापित किए जाएंगे।
श्री प्रभाकर सक्सेना ने बताया कि यह एक दिवसीय आयोजन न होकर एक वर्षीय कार्ययोजना का शुभारंभ है। इसके अंतर्गत प्रत्येक जिले के कम से कम 24 विद्यालयों में विचार क्रांति अभियान को गति देने हेतु निम्न पाँच प्रमुख कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
- विद्यालयों में विचार क्रांति पुस्तक मेलों का आयोजन।
- विद्यालयों की दीवारों पर कम से कम 20 प्रेरणादायक सद्वाक्यों का लेखन।
- विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने हेतु जागरूकता कक्षाओं का आयोजन।
- पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन पर विशेष कार्यक्रम।
- विद्यालयों में कन्या कौशल एवं किशोर कौशल शिविरों का योजनाबद्ध संचालन।
अयोध्या जोन समन्वयक श्री देशबंधु तिवारी ने विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे। डॉ. सुधाकर सिंह ने विद्यालयों में युग ऋषि के विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने हेतु प्रवक्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के प्रांतीय समन्वयक डॉ. हरगोविंद यादव ने सभी परिजनों को शिक्षक गरिमा शिविर की सफलता के लिए संकल्पित किया। कार्यक्रम के दौरान श्री देशबंधु तिवारी एवं श्री कैलाश नारायण तिवारी को तिलक लगाकर विशेष समन्वयक के रूप में दायित्व प्रदान किया गया।
लखनऊ में आगंतुक शिक्षकों एवं अतिथियों के स्वागत की व्यवस्था हेतु अतुल सिंह, शिव शंकर मिश्रा, अरुण श्रीवास्तव, ज्ञान श्रीवास्तव एवं माधुरी पांडेय सहित विशेष समिति का गठन किया गया।
गोष्ठी में वाराणसी जोन समन्वयक श्री मानसिंह वर्मा, नजीबाबाद जोन समन्वयक श्री अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजनों ने सहभागिता की तथा प्रांतीय शिक्षक गरिमा शिविर को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
पहली टिप्पणी करें!