अयोध्या, दिनांक 2026 को अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में अयोध्या गायत्री शक्तिपीठ पर विद्यालयों में विद्यार्थियों को सही दिशा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रवक्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान श्री अरुण श्रीवास्तव एवं श्री राकेश प्रताप सिंह ने नशा मुक्त जीवन, वृक्षारोपण का महत्व तथा कन्या कौशल शिविर की कक्षाओं को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से संचालित करने के विषय में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ समन्वयक श्री प्रभाकर सक्सेना ने विद्यालयों में विचार क्रांति पुस्तक मेलों के आयोजन, उनकी तैयारी तथा आगामी 04 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले शिक्षक गरिमा शिविर में शिक्षकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अयोध्या जोन प्रभारी श्री देशबंधु तिवारी ने कहा कि "परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचार ही नई पीढ़ी को सही दिशा देंगे।" उन्होंने प्रत्येक जिले में संगठनात्मक तैयारियों के लिए समर्पित टीमों का गठन करने तथा युग निर्माण अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
शिविर के समापन अवसर पर अयोध्या शक्तिपीठ के व्यवस्थापक श्री राम केवल यादव ने कहा कि राम की इस पावन धरती पर शक्ति पीठ के भूमि पूजन के समय परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने कहा था कि "यह राम की धरती है, जिसने रामराज्य की परिकल्पना की है। एक दिन यहाँ से अनेक युगदूत प्रशिक्षित होकर नए युग की स्थापना के लिए देशभर में जाएंगे।" उन्होंने कहा कि आज शिविर में उपस्थित समर्पित शिविरार्थियों को देखकर गुरुदेव का यह दिव्य कथन साकार होता हुआ प्रतीत हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस. बी. सिंह ने सभी प्रशिक्षणार्थियों, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों एवं समाज में संस्कार, नैतिकता, पर्यावरण संरक्षण तथा युग निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
पहली टिप्पणी करें!