दिनांक 19 जुलाई 2025 को अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन एवं तत्वावधान में गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ, जनपद गाजीपुर द्वारा गायत्री शक्तिपीठ, गाजीपुर के विश्वमाता सभागार में एक दिवसीय युवा चेतना कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं युवा मंडलों से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, परम वंदनीया माताजी के समाधि स्थलों तथा माँ आदिशक्ति गायत्री के पूजन एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। इसके उपरांत गाजीपुर गायत्री परिवार के युगगायक श्री रविन्द्र शास्त्री ने गुरु वंदना एवं प्रेरणादायक युवा क्रांति गीत "नौजवानों उठो वक्त यह कह रहा, खुद को बदलो जमाना बदल जायेगा" प्रस्तुत कर उपस्थित युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
शांतिकुंज, हरिद्वार से पधारे प्रतिनिधियों ने आत्म निर्माण से राष्ट्र निर्माण के सूत्रों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को व्यक्तित्व विकास, आत्मअनुशासन एवं समाज सेवा के व्यावहारिक उपाय बताए।
आदरणीय श्री कैलाश तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गायत्री मंत्र सद्बुद्धि का मंत्र है। वर्तमान समय में जब युवा तनाव, अवसाद एवं कुंठा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, तब गायत्री मंत्र उन्हें विवेक, आत्मबल एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है।
वैज्ञानिक अध्यात्मवाद के विद्वान एवं गायत्री परिवार लखनऊ के प्रतिनिधि श्री अरुण श्रीवास्तव, जिन्होंने 300 से अधिक विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है, ने युवाओं को अध्ययन में सफलता, व्यक्तित्व विकास, माता-पिता के प्रति कर्तव्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के संयोजक श्री प्रभाकर सक्सेना ने नशा उन्मूलन, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा "कौन हों युवाओं के आदर्श" विषय पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे फिल्मी पात्रों के बजाय छत्रपति शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जैसे राष्ट्रनायकों को अपना आदर्श बनाएं तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लें।
उप जोन मऊ के समन्वयक श्री प्रमोद राय ने बताया कि यह कार्यक्रम परम पूज्य गुरुदेव द्वारा वर्ष 1926 में प्रज्ज्वलित अखंड दीप तथा वंदनीया माताजी के जन्मशताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम में गाजीपुर जनपद के सभी ब्लॉकों के प्रतिनिधियों, युवा मंडलों, कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य प्रबन्ध ट्रस्टी श्री सुरेन्द्र सिंह एवं जिला समन्वयक श्री लौहर सिंह यादव ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र एवं समाज निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन श्री शिवम् राय ने किया तथा प्रगति प्रतिवेदन श्री राहुल सिंह द्वारा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर श्री अनिल सिंह, श्री श्यामसदन सिंह, श्री ओमनारायण राय, श्री गणेश शंकर सिन्हा, श्री मदन मोहन शर्मा, श्री शैलेश पाठक, श्री झल्लन राम, श्री जयशंकर श्रीवास्तव, श्री ओमप्रकाश पाण्डेय, श्री शशांक शेखर, श्री आशुतोष तिवारी, श्रीमती नीतू राय, श्रीमती प्रेमकला सिंह एवं सुश्री प्रगति सिंह सहित सैकड़ों गायत्री परिवार के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत सभी के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई।
पहली टिप्पणी करें!